ओपन फाउन्डेशन से बने सेतुओं की जैकेटिंग करते हुए उन्हें सुरक्षित किया जायः महाराज
देहरादून। प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, पंचायती राज, ग्रामीण निर्माण, जलागम प्रबन्धन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने लोक निर्माण विभाग के यमुना कॉलोनी स्थित मुख्यालय में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में आपदा के दृष्टिगत लोक निर्माण विभाग के कार्यों की बैठक के दौरान समीक्षा करते हुए प्रदेश में सड़कों और सेतुओं की स्थिति का भी आंकलन किया। आपदा की दृष्टि से विभाग को अर्लट मोड पर रखने के लिए प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने बुद्धवार को यमुना कॉलोनी स्थित प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष कार्यालय, लोक निर्माण विभाग सभागार में विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक में प्रदेश की सड़कों और सेतुओं की स्थिति के जानकारी लेने के साथ-साथ उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
लोनिवि मंत्री श्री महाराज ने बताया कि 02.अगस्त 2023 तक प्रदेश में कुल 250 सड़कें बन्द थी, जिसमें से 42 सड़कों को यातायात हेतु खोल दिया गया है। जबकि अवशेष 208 सड़कों को तत्काल खोलने के निर्देश मेरे द्वारा दिये गये। मैंने अधिकारियों यह भी निर्देश दिये हैं कि विभाग में आपदा हेतु तैनात नोडल अधिकारियों के फोन नं0 के व्यापक प्रचार-प्रसार प्रिन्ट मीडिया के माध्यम से भी किया जाय। फील्ड अधिकारियों को अपने फोन 24ग्7 ऑन रखने के कड़े निर्देश भी दिए गये हैं ताकि जन सामान्य आपदा की स्थिति में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सम्पर्क कर सके।
समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय मंत्री सतपाल महाराज ने निर्देश दिये गये कि जो सेतु ओपन फाउन्डेशन से बने हैं, उनकी जैकेटिंग करते हुए उन्हें सुरक्षित किया जाय। उन्होने लोनिवि अधिकारियों से कहा कि चारधाम की समस्त सड़कों को हमेशा खुले रखने का भरसक प्रयास किया जाय एवं बन्द होने की स्थिति में उनके वैकल्पिक मार्गो का प्रचार-प्रसार किया जाय।
