त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में उत्कृष्ट सेवा देने वालों को महाराज ने किया सम्मानित
हरिद्वार। प्रदेश के पंचायती राज, लोक निर्माण, पर्यटन, सिंचाई, लघु सिंचाई, ग्रामीण निर्माण, संस्कृति एवं जलागम प्रबन्धन मंत्री सतपाल महाराज ने बृहस्पतिवार को प्रेमनगर आश्रम में पंचायती राज विभाग द्वारा आयोजित जनपद हरिद्वार में सम्पन्न त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव-2022 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियों, कार्मिकों एवं चुनाव में विजयी जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख क्षेत्र पंचायत को सम्मानित किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये पंचायत मंत्री कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने जनपद हरिद्वार में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव-2022 को निर्विघ्न सम्पन्न कराने एवं इसमें उत्कृष्ट सेवा देने वाले अधिकारियोंध्कार्मिकों एवं चुनाव में विजयी जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य एवं प्रमुख, ज्येष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख क्षेत्र पंचायत को बधाई एवं शुभकामनायें देने के साथ ही प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि मेरा हमेशा यह विचार रहा है कि जो भी जिस किसी भी क्षेत्र में अच्छा कार्य करते हैं, उन्हें उनके उत्साहवर्द्धन हेतु पुरस्कृत अवश्य किया जाना चाहिये। उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें काफी गहरी हैं तथा हमारी सरकार निरन्तर पंचायतों को मजबूती प्रदान कर रही है, जिसमें सभी का सहयोग अपेक्षित है एवं अन्तिम छोर पर जो व्यक्ति खड़ा है, उसके कल्याण के लिये हम कृत संकल्प हैं।
श्री महाराज ने पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबन्ध नीति का उल्लेख करते हुये कहा कि पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबन्ध नीति के तहत केन्द्र पोषित योजना राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत जनपद हरिद्वार में कॉमन वेस्ट प्लास्टिक रिसाइकिलिंग फेसिलिटी के अन्तर्गत संयंत्र एवं मशीनरी की स्थापना हेतु 2.95 करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत हुई थी, जिसके क्रम में जिला पंचायत हरिद्वार प्लांण्ट का संचालन कर दिया गया है तथा 20 टन प्लास्टिक वेस्ट का निस्तारण किया गया एवं 95 काम्पेक्टर के सापेक्ष 70 काम्पेक्टर स्थापित कर दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा ऐसे पंचायत भवन, जो जीर्ण-शीर्ण स्थिति में हैं तथा इन पंचायत भवनों की मरम्मत की आवश्यकता है, इस हेतु चार लाख रूपये प्रति पंचायत भवन मरम्मत की दर से 150 भवनों की मरम्मत हेतु छह करोड़ रूपये की धनराशि स्वीकृत की गयी है।
