```
उत्तराखंड

शीघ्र भरे जायेंगे एनएचएम के 883 रिक्त पदः डॉ. धन सिंह रावत

देहरादून। सूबे में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में रिक्त 883 पदों को शीघ्र भरा जायेगा। इसके लिये विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिये गये हैं। इसके अलावा राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने के दृष्टिगत प्रदेशभर के विशेषज्ञ चिकित्सकों का पृथक कैडर बनाने एवं उनकी अधिवर्षता आयु 65 वर्ष करने का प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दे दिये गये हैं। वर्ष 2023-24 हेतु विभाग को स्वीकृत वार्षिक बजट व्यय करने के लिये ठोस कार्ययोजना तैयार करने को भी अधिकारियों को कहा गया।
सूबे के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने आज खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग देहरादून के सभागार में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को 883 रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। डा. रावत ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत विभिन्न जनपदों में स्टॉफ नर्स, लैब टैक्नीशियन, मेडिकल ऑफिसर, विशेषज्ञ चिकित्सक, आयुष मेडिकल ऑफिसर, फार्मासिस्ट, काउंसलर, सोशियल वर्कर, मिडवाइफरी एजुकेटर आदि के पद रिक्त चल रहे हैं। विभागीय मंत्री ने बताया कि राज्य में विशेषकर पर्वतीय जनपदों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को देखते हुये उनके लिये पृथक कैडर बनाने तथा अधिवर्षता आयु 65 वर्ष करने का प्रस्ताव राज्य कैबिनेट की बैठक में रखा जायेगा जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों की अधिवर्षता आयु 65 करने के साथ ही स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का भी विकल्प दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *