```
उत्तराखंड

हरकी पैड़ी क्षेत्र के सौन्दर्यीकरण को लेकर डीएम ने ली बैठक

हरिद्वार। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल की अध्यक्षता में शनिवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में हरकी पैड़ी क्षेत्र के सौन्दर्यीकरण के सम्बन्ध में एक बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल को बैठक में उपस्थित प्लान डिजाइनर ने हरकीपैड़ी क्षेत्र के सौन्दर्यीकरण के लिये क्या-क्या किया जा सकता है, के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी। बैठक में सर्वप्रथम हरकीपैड़ी आने वाले श्रद्धालुओं को जूता-चप्पल रखने के लिये जूता स्टैण्ड एवं सामान को रखने के लिये लॉकर की सुविधा उपलब्ध कराने के सम्बन्ध में चर्चा हुई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि हरकीपैड़ी पर जितने भी प्रमुख प्रवेश मार्ग हैं, उन स्थानों पर जूता स्टैण्ड एवं लॉकर की व्यवस्था की जाये।
बैठक में भीमगौड़ा से हरकीपैड़ी की ओर आने वाले प्रवेश मार्ग पर एक भव्य द्वार स्थापित करने एवं भीमगौड़ा से हरकीपैड़ी मार्ग के सौन्दर्यीरण के सम्बन्ध में चर्चा हुई, तो जिलाधिकारी ने कहा कि भीमगाड़ा के प्रवेश मार्ग पर भव्य द्वार का निर्माण एवं वहां से हरकीपैड़ी की ओर आने वाले मार्ग का सौर्न्यीकरण धर्मनगरी की पारम्परिक शैली, आस्था एवं मर्यादा के अनुरूप किया जाये। बैठक में हरकीपैड़ी स्थित पुलिस चैकी के सौन्दर्यीकरण का प्रकरण भी सामने आया। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पुलिस चैकी का हरकीपैड़ी के अनुरूप डिजाइन करते हुये सौन्दर्यीकरण किया जाये तथा सम्भव हो तो हरकीपैड़ी के आसपास पुलिस चैकी के वैकल्पिक स्थान के सम्बन्ध में भी विचार कर लिया जाये। बैठक के दौरान धनुष पुल की भी चर्चा हुई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि धनुष पुल का भी सौन्दर्यीकरण किया जाये तथा इसमें लाइटिंग की व्यवस्था की जाये ताकि रात्रि के समय भी इसका सुन्दर सा व्यू दूर से ही दिखाई दे। हरकीपैड़ी क्षेत्र के सौन्दर्यीकरण के तारतम्य में हरकीपैड़ी व आसपास के मार्केट के सम्बन्ध में भी विस्तार से चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *