```
उत्तराखंड

22 अप्रैल को खुलेंगे श्री यमुनोत्री धाम के कपाट

ऋषिकेश। उत्तराखंड चारधाम यात्रा प्रशासन के मीडिया प्रकोष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि अक्षय तृतीया 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट में श्री यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जायेंगे।
सोमवार यहां उत्तराखंड चारधाम यात्रा प्रशासन के मीडिया प्रकोष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया शनिवार 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट पर कर्क लग्न, अभिजीत मुहूर्त, कृतिका नक्षत्र में खुलेंगे। आज यमुना जयंती चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में मंदिर समिति यमनोत्री द्वारा मां यमुना की पूजा अर्चना के पश्चात विधि विधान पंचाग गणना के पश्चात विद्वान आचार्यों व तीर्थ पुरोहितों द्वारा श्री यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि तथा समय तय किया गया तथा श्री यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने मंदिर समिति पदाधिकारियों तथा तीर्थ पुरोहितों की उपस्थिति में कपाट खुलने की तिथि व समय की विधिवत घोषणा की। मंदिर समिति के पूर्व सचिव कीर्तेश्वर उनियाल ने बताया कि इस अवसर पर मां यमुना जी की उत्सव डोली के धाम प्रस्थान का भी कार्यक्रम तय हुआ। शनिवार 22 अप्रैल को मां यमुना की उत्सव डोली, मां यमुना जी के भाई श्री सोमेश्वर देवता जी के साथ समारोह पूर्वक सेना के बेंड के साथ खुशीमठ से प्रातः 8 बजकर 25 मिनट पर प्रस्थान यमुनोत्री मंदिर परिसर में पहुंचेगी। अक्षय तृतीया 22 अप्रैल को दिन में 12 बजकर 41 मिनट पर श्री यमुनोत्री मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले जायेंगे। कपाट खुलने की तिथि तय होने के अवसर पर शीतकालीन रावल ब्रह्मानंद उनियाल, मंदिर समिति सचिव सुरेश सेमवाल, उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल, श्री यमुनोत्री महासभा अध्यक्ष पुरूषोत्तम उनियाल, यमुनोत्री मंदिर समिति के पूर्व सचिव कृतेश्वर उनियाल, आदि उपस्थित रहे। यहां यह उल्लेखनीय है कि मां यमुना के कपाट भी अक्षय तृतीया के दिन खुलते है। वही श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 27 अप्रैल प्रातः 7 बजकर 10 मिनट तथा श्री केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल प्रातः 6 बजकर 20 मिनट पर तथा श्री गंगोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया 22 अप्रैल दिन में 12 बजकर 35 मिनट पर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *