युवक को मुर्गा बनाकर पीटने पर 6 अधिकारियों पर गिरी गाज
देहरादून। जीबी पंत विवि में युवक को मुर्गा कर पीटने के मामले में छह अधिकारियों पर गाज गिरी है। कुलपति की संस्तुति पर अपर मुख्य कार्मिक अधिकारी डाॅ. गौहर ताज ने अपर निदेशक प्रशासन, सुरक्षाधिकारी, सतर्कता अधिकारी एवं तीन सहायक सुरक्षा अधिकारियों को पद से हटा दिया है। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में एक युवक को मुर्गा बनाकर पीटने के मामले में छह अधिकारियों पर गाज गिरी है।
कुलपति डाॅ. मनमोहन सिंह चैहान की संस्तुति पर अपर मुख्य कार्मिक अधिकारी डाॅ. गौहर ताज ने अपर निदेशक प्रशासन डाॅ. विवेकानंद, सुरक्षाधिकारी जीएस बोहरा, सतर्कता अधिकारी एवं तीन सहायक सुरक्षा अधिकारियों को पद से हटा दिया है। अपर निदेशक प्रशासन का पदभार डाॅ. ताज ने अपने पास रखा है। सुरक्षाधिकारी बोहरा का प्रभार लीगल एडवाइजर सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल गोकरन सिंह को सौंपा है।
सुरक्षा अधिकारी डाॅ. जीएस बोहरा ने 24 गार्डों को काम से हटा दिया गया था। उनपर मनमानी का आरोप लगा था। इसके विरोध में सुरक्षा गार्ड कई दिनों से आंदोलन कर उन्हें हटाने की मांग पर अड़े थे। सोमवार को विधायक तिलकराज बेहड़ ने युवक को मुर्गा बनाकर लाठियों से पिटाई करते हुए सुरक्षा अधिकारी डॉ. जीएस बोहरा का वीडियो अपने फेसबुक पेज पर साझा कर मामला राजभवन और मानवाधिकार आयोग में ले जाने की बात कही थी।