```
उत्तराखंड

भाजपा को कल्याणकारी बजट और सार्थक चर्चा की उम्मीद

देहरादून। भाजपा ने विकासोन्मुख एवं कल्याणकारी बजट की उम्मीद के साथ सभी विधायकों को बजट सत्र की शुभकामनाएं दी है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि जिस तरह का उत्साहवर्धक आर्थिक सर्वेक्षण सामने आया है उससे निश्चित है कि राज्य को उससे आगे ले जाने वाला बजट सरकार लेकर आएगी। लिहाजा राज्य की आर्थिक सेहत के साथ जन मुद्दों एवं समस्याओं को उठाने के इस सुनहरे अवसर का लाभ सभी पक्षों अवश्य लेना चाहिए।
कल से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में प्रारंभ होने वाले बजट सत्र को लेकर जारी अपने संदेश में उन्होंने प्रस्तावित बजट और चर्चा को प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं का पूरक बताया है। चूंकि वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल का यह अंतिम बजट है लिहाजा यह ऐतिहासिक और उत्तराखंड को विकसित राज्य की पहली पायदान पार कराने का दस्तावेज होगा। भाजपा सरकारों और विशेषकर विगत 4 वर्षों में जनसहयोग के साथ किए गए अथक प्रयासों का नतीजा रहा कि राज्य विकसित होते राज्यों की श्रेणी में शुमार हो गया है। ताजा आर्थिक सर्वेक्षण भी इस सच्चाई को आंकड़ों के रूप में स्वीकार करता नजर आता है। प्रति व्यक्ति आय, सकल घरेलू उत्पाद, विकास दर, रोजगार सृजन, उद्योगों के अनुकूल वातावरण, सतत विकास सूचकांक, निर्यात के अनुकूल व्यवस्था आदि विकास के सभी मानदंडों में हम शीर्ष राज्यों में शामिल हुए हैं। इसी तरह आम लोगों के लिए बिजली, पानी, सड़क, अन्य कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य, शिक्षा, दैनिक जीवन की अन्य जरूरी आवश्यकताओं को भी पूरा करने में केंद्र के सहयोग से राज्य अव्वल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *