भाजपा मे जश्न, धामी बोले मोदी की गारंटी है चुनाव के नतीजे
देहरादून। दिल्ली चुनावों में मिली बंपर जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी और प्रदेश अध्यक्ष भट्ट के साथ पार्टी मुख्यालय मे जमकर जश्न मनाया। इस अवसर पर सीएम पुष्कर धामी ने इन नतीजों को पीएम मोदी की गारंटी की जीत बताया है। साथ ही कहा कि वहां डबल इंजन की सरकार में डबल गति से विकास होगा।भाजपा सरकार, अपने संकल्प पत्र किए सभी वादों को पूरा करेगी।
पार्टी प्रदेश मुख्यालय में हुए इस विजय समारोह में उत्साह से ओतप्रोतः कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष और सीएम द्वारा एक दूसरे का मुंह मीठा करने के साथ, सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में मिष्ठान वितरित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें जलेबी खिलाकर जीत की बधाई भी दी। वहीं मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि 27 साल बाद देश की राजधानी से गैर भाजपा सरकारों की विदाई हुई है। यह जीत प्रधानमंत्री मोदी जी की उस गारंटी की जीत है, जो विकास की गारंटी के पूरा होने की गारंटी देती है। भारतीय जनता पार्टी का ट्रैक रिकॉर्ड है कि पार्टी संकल्प पत्र में जो भी बातें कही जाती है, वह अवश्य पूरी होती हैं। दिल्ली में जो झूठ, फरेब और भ्रष्टाचार का शासन था जिसके कारण अनेक घोटाले हुए हैं जनता ने उसके खिलाफ मत दिया। क्लिनिक घोटाला, स्मार्ट क्लास घोटाला, यमुना सफाई का घोटाला, शराब का घोटालो का भी सफाया हो गया। वहां की आपदा सरकार ने लोगों के विश्वास को छलने का काम किया है। दिल्ली को सबसे प्रदूषित राजधानी बनाने का काम किया है।