रुद्रपुर में आयोजित कार्यक्रम में जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने गिनाईं उपलब्धियां
रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के प्रभारी एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर रुद्रपुर रामलीला मैदान में आयोजित चिकित्सा एवं बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग कर शिविर का रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए बहुउद्देशीय शिविरों का अवलोकन भी किया। इस दौरान मंत्री गणेश जोशी ने अपनी स्वास्थ्य जांच भी कराई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सेवा सुशासन और विकास के 03 वर्ष सूचना विभाग द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने महालक्ष्मी योजना के लाभार्थियों को किट भी प्रदान की।
सेवा सुशासन और विकास की थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में जनपद प्रभारी/ कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि राज्य मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ष्सबका साथ, सबका विकास एवं सबका विश्वासष् के मंत्र के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, और इस दिशा में बीते तीन वर्षों में ऐतिहासिक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सरकार के 03 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने भारत मां की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानी भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को उनके बलिदान दिवस पर उन्हे नमन किया।