आईएसआरओ भूवन आधारित जलवायु अध्ययन कार्यक्रम उत्तराखंड के 50 विद्यालयों में आरंभ
देहरादून। स्कूल शिक्षा विभाग, उत्तराखंड तथा स्पैक्स के संयुक्त तत्वावधान में, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार एवं इसरो के तकनीकी सहयोग से “डिजिटल मौसम निगरानी यंत्र निर्माण एवं उसके अनुप्रयोग” विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला 2 से 6 दिसंबर तक आयोजित की गईं। ये कार्यशालाएँ दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर, राजकीय इंटर कॉलेज, खुमाड़ (सुल्त ब्लॉक) अल्मोड़ा और राजकीय इंटर कॉलेज, धूमाकोट (नैनीडांडा ब्लॉक) पौड़ी गढ़वाल में आयोजित की गईं। यह कार्यक्रम उत्तराखंड के 50 चयनित विद्यालयों में जलवायु परिवर्तन के वैज्ञानिक अध्ययन को बढ़ावा देने तथा छात्रों को उपग्रह आधारित तकनीकों का प्रशिक्षण देने की राज्यव्यापी पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पहल के अंतर्गत विद्यालयों की कक्षाओं को स्कूल क्लाइमेट रिसर्च लैब्स के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ छात्र आईएसआरओ के भूवन पोर्टल की सहायता से पर्यावरणीय डाटा का विश्लेषण कर सकेंगे।
