```
उत्तराखंड

यात्रा से पहले ही ‘जख्मी’ जवाड़ी बायपास

रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा से पहले नगर मुख्यालय का जवाड़ी बायपास प्रशासन और यात्रियों के लिए बड़ी चुनौती बनता नजर आ रहा है। पिछले वर्ष बरसात के दौरान हुए भू-धंसाव से मार्ग का लगभग 600 मीटर हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था, जो अब तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाया है। जवाड़ी बायपास रुद्रप्रयाग शहर के मुख्य बाजार में लगने वाले ट्रैफिक दबाव को कम करने वाला प्रमुख वैकल्पिक मार्ग है। यात्रा सीजन में हजारों वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश से रोकने के लिए अक्सर इसी मार्ग से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाता है। लेकिन वर्तमान में मार्ग की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। पिछले वर्ष भू-धंसाव के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग ने मार्ग पर अस्थायी मरम्मत कार्य तो करवाया, लेकिन अब तक स्थायी उपचार नहीं हो सका है। जनवरी माह में तत्कालीन जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने टीएचडीसी अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण कर यात्रा से पहले मार्ग को सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद टीएचडीसी ने करोड़ों रुपये की लागत का प्रस्ताव तैयार कर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दिया, लेकिन अभी तक इसकी स्वीकृति नहीं मिल पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *