```
उत्तराखंड

हरिद्वार-रुड़की में कांवड़ियों का बवाल, गाड़ियों में जमकर की तोड़फोड़, तीन गिरफ्तार

हरिद्वार। अभी कांवड़ यात्रा का विधिवत आगाज भी नहीं हुआ कि एक दिन पहले ही बृहस्पतिवार की शाम छह से 9 बजे के बीच कांवड़ियों के हंगामे के तीन मामले सामने आ गए। इनमें कांवड़ियों ने वाहनों में जबरदस्त तोड़फोड़ करते हुए हंगामा किया और कई घंटों तक सड़कों पर जाम लगाया। जिससे दहशत का माहौल बना रहा। पुलिस एक के बाद एक सूचना पाकर मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाने में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार शाम करीब छह बजे कोर कॉलेज के पास एक कांवड़िये को किसी वाहन टक्कर लग गई। जिससे उसके साथियों ने मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और जाम लग गया। पुलिस ने काफी देर मशक्कत के बाद मामला सुलझाया। इसके कुछ देर बाद पतंजलि के पास कांवड़ियों ने उनकी कांवड़ खंडित करने का आरोप लगा एक कार को रोक कर तोड़फोड़ शुरू कर दी। यहां भी काफी हंगामा हुआ।
फिर कुछ देर बाद ही दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर बेलड़ी गांव के पास एक कांवड़िये ने एक कार चालक पर उसे टक्कर मारकर घायल करने और कांवड़ खंडित करने का आरोप लगा हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर अन्य कांवड़िये जमा हो गए और गाड़ियों में तोड़फोड़ करने लगे। कावड़ियों ने ग्रामीणों पर भी कार चालक को भगाने का आरोप लगाया। काफी देर चले हंगामे से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने बेहद मुश्किल हालात में कांवड़ियों को किसी तरह समझा बुझाकर रवाना किया। सीओ नरेंद्र पंत ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *