```
उत्तराखंड

रीजनल पार्टी ने किया 200 बीघा वन भूमि कब्जाने का खुलासा

देहरादून। राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल ने वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों पर भू माफियाओं के साथ साँठगाँठ कर अवैध तरीके से वन विभाग की 200 बीघा से ज्यादा अधोईवाला देहरादून की जमीन को खुर्द बुर्द करने का आरोप लगाया।
सेमवाल ने कहा कि अधूरी वाला लाडपुर के खसरा नंबर 1075 की 200 बीघा वन भूमि पर छोटे-छोटे प्लाट काट कर बाहरी समुदाय के लोगों को बसा दिया गया है। इससे क्षेत्र की डेमोग्राफी पूरी तरीके से बदल गई है। इसके बावजूद न तो वन विभाग अपनी भूमि का सीमांकन करा रहा है और न ही मानचित्र को दुरुस्त करने की जहमत उठा रहा है। यहां तक कि इन कब्जों के बारे में वन विभाग ने अपनी उच्च अधिकारियों को भी अवगत नहीं कराया। उत्तराखंड प्रेस क्लब में एक वार्ता करते हुए राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री धामी से जमीनों को कब्जा मुक्त कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के वन एवं पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश ईष्टवाल ने कहा कि एक तरफ सीएम धामी कहते है प्रदेश की डेमोग्राफी बदलने नहीं दूँगा लेकिन दूसरी तरफ उनके अधिकारियों की ही मिलीभगत से वन विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं। योगेश ईष्टवाल ने कहा कि इस संबंध में एसडीएम से लेकर जिला अधिकारी तक कई बार अवगत कराया जा चुका है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
उन्होंने मांग की है कि जब तक उक्त संपूर्ण आरक्षित वन भूमि राजस्व अभिलेखों में दर्ज नहीं हो जाती तब तक उक्त भूमि में रजिस्ट्री और दाखिल खारिज की कार्रवाई स्थगित रखी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *