नदी की स्वच्छता एवं जैवविविधता का संरक्षण राष्ट्रीय प्राथमिकताः केंद्रीय जलशक्ति मंत्री
देहरादून। देहरादून स्थित भारतीय वन्यजीव संस्थान (डब्लूआईआई) परिसर का मंगलवार को भारत सरकार के जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने दौरा किया। इस अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री द्वारा भारतीय वन्यजीव संस्थान के परिसर में निर्मित राष्ट्रीय नदी अनुसंधान केन्द्र का लोकार्पण भी किया गया। राष्ट्रीय नदी अनुसंधान केन्द्र का उद्देश्य भारत में नदियों और मीठे पानी के पारिस्थितिकीय तंत्रों से संबंधित वैज्ञानिक ज्ञान को सुदृढ़ करना एवं उनके संरक्षण को बढ़ावा देना है। केंद्रीय मंत्री श्री पाटिल ने गंगा भवन का लोकापर्ण किया। इसके पश्चात् मंत्री उन्होंने केन्द्र के परिसर में स्थित विभिन्न प्रयोगशालाओं का भ्रमण किया और वहां संचालित वैज्ञानिक अनुसंधान कार्यों की जानकारी प्राप्त की। भ्रमण के पश्चात् गंगा सभागार में एम.एस. सी. विद्यार्थियों, शोधर्थियों एवं परियोजना प्रतिनिधियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें गंगा संरक्षण, जलीय जैवविविधता, सामुदायिक सहभागिता तथा आजीविका आधारित संरक्षण मॉडलों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के दौरान डॉल्फिन रेस्क्यू वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो गंगा में जलीय जीवों के संरक्षण एवं आपदाकालीन बचाव कार्यों को सुदृढ़ करेगी। श्री पाटिल द्वारा गंगा भवन प्रांगण में “एक पेड़ मां के नाम“ अभियान के अन्तर्गत वृक्षारोपण भी किया गया।
