उत्तराखंड में सर्दी का सितम, पाले से जमने लगा झील का पानी
देहरादून। उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड ने लोगों दुश्वारियों को बढ़ा दिया है। लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं हिल स्टेशनों में मौसम खुशनुमा बना हुआ है। सुबह शाम कड़ाके की ठंड के बाद दिन में गुनगुनी धूप का लोग लुत्फ उठा रहे हैं। जबकि सड़कों पर पाला पड़ने से हादसे का खतरा बना हुआ है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों मौसम बेहद खुशनुमा बना हुआ है। दिन के समय हल्की धूप और साफ मौसम का पर्यटक जमकर आनंद ले रहे हैं, लेकिन सुबह और शाम के समय तापमान में भारी गिरावट से ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश न होने के कारण ठंड का असर बढ़ गया है, जो आम जनजीवन के साथ-साथ सेहत और खेती के लिए भी खतरा बनता जा रहा है। पिछले कई दिनों से बारिश न होने के चलते मसूरी में रात के समय जमकर बर्फनुमा पाला गिर रहा है।
इससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हालात ज्यादा गंभीर बने हुए हैं। कंपनी गार्डन स्थित झील पर पाले की परत जमने लगी है। सुबह के समय झील में जमी बर्फ को तोड़ने के बाद ही नौकायन (बोटिंग) शुरू हो पा रही है। ठंड के साथ-साथ सड़कों पर पाला जम रहा है, जिससे फिसलन बढ़ गई है। कई लोग फिसल कर घायल हो चुके हैं।
