```
राजनीति

जनता अब गुमराह होने वाली नहीं : आर्येंद्र

विकासनगर। कांग्रेस के चुनाव संचालन समिति के कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि पिछले पंद्रह वर्षां से भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने सहसपुर की जनता के साथ छल किया है। क्षेत्र के विकास के नाम पर जनता को गुमराह किया। भाजपा विधायक ने सत्ता में रहते हुए शीशमबाड़ा प्लांट को हटाने के लिए कोई पैरवी नहीं की। अब कार्यकाल समाप्त हो गया तो शीशमबाड़ा प्लांट अन्यत्र शिफ्ट करने का दावा करते हैं। लेकिन जनता अब गुमराह होने वाली नहीं है।

रविवार को आर्केडिया में जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस के चुनाव संचालन समिति के कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा ने कहा कि इस बार सहसपुर की जनता का आशीर्वाद उन्हें मिला तो उनका पहला कार्य शीशमबाड़ा प्लांट को हटाने का होगा। उसके बाद क्षेत्र में अटके पड़े विकास कार्यों को कराना है। कहा कि सहसपुर क्षेत्र का अधिकांश क्षेत्र पेयजल जैसे संकट से जूझ रहा है। स्वास्थ्य सेवायें क्षेत्र की बदहाल हैं। पूरे शिमला बाईपास रोड पर लाखों की आबादी के बावजूद कोई अस्पताल नहीं है। बुखार और सिरदर्द जैसी दवाओं के लिए लोगों को देहरादून के अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ते हैं। कहा कि क्षेत्र की जनता को सबसे पहले मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराई जाएंगी। इस मौके पर कमल रावत, विजय भड़ाना, धर्मानंद बोड़ाई, मुक्की रावत और अभिषेक मैठाणी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *