सड़क हादसे में भाजयुमो के 2 युवा नेताओं की मौत
रुड़की। भाजपा युवा मोर्चा के दो पदाधिकारियों की सड़क हादसे में मौत हो गयी। सरसावा के पास कार के डिवाइड से टकराने से हादसा हुआ। हादसे के बाद भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। युवा नेताओं के निधन पर शोक जताया। परिजन हादसे की सूचना के बाद सरसावा रवाना हो गए। भाजपा युवा मोर्चा पूर्वी मंडल के अध्यक्ष हर्षित गर्ग की बहन की शादी 22 जनवरी को होनी है। घर में शादी की तैयारियां चल रही थी। वह भी तैयारियों में जुटे हुए थे। शादी के लिए जरूरी व्यवस्था करने के साथ ही वह बाहर रहने वाले अपने परिचितों को कार्ड भेजने भी जा रहे थे। रविवार सुबह वह अपने बचपन के दोस्त और युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष अमन कश्यप के साथ कार से यमुनानगर शादी का कार्ड देने जा रहे थे। बताया गया कि रास्ते में सरसावा के समीप उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई।
जिसमें कार सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। हादसे की जानकारी परिजनों तक पहुंची तो घर में कोहराम मच गया। आसपड़ोस के लोग शोक जताने के लिए घर पहुंचने लगे। भाजपाइयों में भी हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई। किसी को भी सड़क दुर्घटना में दोनों युवकों की मौत का यकीन नहीं हो रहा था। दोनों युवकें को उनकी व्यवहार कुशलता के लिए पहचाना जाता था। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। हादसे के बाद परिजन और अन्य संबंधी सरसावा के लिए रवाना हो गए।