साध्वी ऋतंबरा ने छात्रों को आध्यात्मिक प्रवृत्तियों को अपनाने की सलाह दी
देहरादून। इंडियन पब्लिक स्कूल राजावाला स्थित मृत्युंजय धाम में माघ पूर्णिमा पर पूजा अर्चना और हवन किया गया। इस दौरान साध्वी ऋतंबरा ने छात्र-छात्राओं को आध्यात्मिक प्रवृत्तियों को अपनाने की सलाह दी।
साध्वी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक मानव के अंदर सुसुप्त चेतना और शक्तियां होती हैं, लेकिन हम उन्हें जागृत नहीं कर पाते हैं। यह चेतना और शक्तियां तभी बाहर निकल कर आती हैं, जब हमारे समक्ष चुनौतियां आती हैं। कहा कि मन रूपी चपल बालक को संभालने के लिए बुद्धि रूपी माता की शक्ति है। यदि इस माता के हाथ में उस बच्चे को सौंप देंगे तो मानव अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है। शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ नौकरी प्राप्त कर वेतन पाना न होकर आत्म उत्थान होना चाहिए। इस दौरान पूर्व राज्य सभा सांसद एवं विद्यालय के चेयरमैन रविंद्र किशोर सिन्हा, रीता सिन्हा, प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा आदि मौजूद रहे।